
जौनपुर जिले के खुटहन में पुलिस मुठभेड़, 2 बदमाश गिरफ्तार; करीब तीन दर्जन से ज्यादा है आरोपी के ऊपर मुकदमे,हिस्ट्रीशीटर के पैर में लगी गोली
जौनपुर। खुटहन थाना पुलिस ने शुक्रवार देर रात चेकिंग के दौरान हुई मुठभेड़ में दो शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, सुईथाखुर्द नहर पुलिया के पास बाइक सवार बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग की, जिसके जवाब में आत्मरक्षा में पुलिस ने भी गोली चलाई। इस दौरान हिस्ट्रीशीटर रिंकू यादव उर्फ ओमप्रकाश यादव के बाएं पैर में गोली लगी, जबकि उसका साथी सत्यम लोना उर्फ लल्लू को भी गिरफ्तार कर लिया गया।
घायल आरोपी को उपचार के लिए सीएचसी खुटहन भेजा गया। पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से एक देशी तमंचा, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस और एक मोटरसाइकिल बरामद की है।
पुलिस के मुताबिक, घायल आरोपी रिंकू यादव पर जौनपुर, आजमगढ़, प्रयागराज, अमेठी, सुल्तानपुर, अंबेडकरनगर और अयोध्या समेत कई जिलों में डकैती, लूट, हत्या के प्रयास, चोरी, गैंगस्टर एक्ट और आर्म्स एक्ट सहित 38 से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। वहीं दूसरे आरोपी सत्यम लोना पर भी गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं।
एसएसपी जौनपुर कुंवर अनुपम सिंह के निर्देशन में चलाए जा रहे अपराधियों के खिलाफ अभियान के तहत खुटहन पुलिस ने यह कार्रवाई की। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।
बाइट गिरेंद्र सिंह, सीओ शाहगंज
