पाइपलाइन कार्य के दौरान बड़ा हादसा, दो मजदूरों की दर्दनाक मौत, #jaunpurnews

Share

जौनपुर जिले के केराकत कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत देवकली बाजार स्थित चौकिया शिवालय के पास बुधवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। गैस पाइपलाइन बिछाने के कार्य के दौरान मिट्टी धंसने से दो मजदूर मलबे में दब गए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना से इलाके में हड़कंप मच गया और लोगों की भारी भीड़ मौके पर जुट गई।
जानकारी के अनुसार, करीब 30 फीट गहरे गड्ढे में पाइपलाइन की मरम्मत और वेल्डिंग का काम चल रहा था। इसी दौरान अचानक ऊपर से मिट्टी भरभराकर गिर पड़ी, जिससे नीचे काम कर रहे दोनों मजदूर मलबे में दब गए। घटना इतनी अचानक हुई कि उन्हें संभलने का मौका तक नहीं मिला।
मृतकों की पहचान बिहार के मुजफ्फरपुर निवासी प्रिंस कुमार (20) और निरंजन कुमार महतो (32) के रूप में हुई है। दोनों मजदूर पाइपलाइन में हुए लीकेज को ठीक करने के लिए गड्ढे के अंदर वेल्डिंग कर रहे थे।
हादसे की सूचना मिलते ही केराकत कोतवाली पुलिस और प्रशासनिक टीम मौके पर पहुंच गई। तत्काल रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया और काफी मशक्कत के बाद दोनों मजदूरों को मलबे से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि कार्य के दौरान सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए थे, जिसकी वजह से यह हादसा हुआ। गड्ढा काफी गहरा था और सुरक्षा मानकों की अनदेखी की गई थी।
एएसपी सिटी आयुष श्रीवास्तव ने बताया कि सूचना मिलते ही तत्काल राहत-बचाव कार्य शुरू किया गया। दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। प्रारंभिक जांच में मिट्टी धंसने को हादसे का कारण माना जा रहा है, वहीं पूरे मामले की जांच जारी है।
इस दर्दनाक घटना के बाद मृतकों के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है और पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *