जौनपुर।जिले के केराकत थाना क्षेत्र के महादेवा गांव से जुड़ी एक होनहार बेटी ने उत्तर प्रदेश पुलिस प्रशिक्षण में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। उत्तर प्रदेश पुलिस में आरक्षी पद पर नियुक्त नेहा यादव को प्रशिक्षण समापन के बाद आयोजित दीक्षांत परेड समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सम्मानित किया। यह सम्मान उन्हें समग्र प्रशिक्षण में सर्वोच्च प्रदर्शन तथा सेरेमोनियल परेड में परेड कमांडर की जिम्मेदारी सफलतापूर्वक निभाने के लिए प्रदान किया गया।
शनिवार को राजधानी लखनऊ में आयोजित नव नियुक्त पुलिस आरक्षियों की पासिंग आउट परेड में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की उपस्थिति में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रशिक्षुओं को सम्मानित किया गया। इस दौरान नेहा यादव ने समग्र प्रशिक्षण में टॉपर बनकर प्रथम स्थान प्राप्त किया। साथ ही सेरेमोनियल परेड में परेड कमांडर की भूमिका निभाकर अपनी नेतृत्व क्षमता का भी उत्कृष्ट परिचय दिया। इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर मुख्यमंत्री ने उन्हें अपने हाथों से पुरस्कार देकर सम्मानित किया।
बताया जाता है कि नेहा यादव, श्रीमती पार्वती यादव की पुत्री हैं और मूल रूप से मौधा, गाजीपुर की निवासी हैं। उनकी प्रारंभिक शिक्षा-दीक्षा उनके ननिहाल ग्राम महादेवा, थाना केराकत, जौनपुर में हुई। यहां उनके मामा अनिकराज यादव, जो वर्तमान में सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) में उपनिरीक्षक पद पर कार्यरत हैं, के संरक्षण एवं मार्गदर्शन में उन्होंने शिक्षा प्राप्त की।
नेहा यादव ने अपनी स्कूली शिक्षा कुलवंती इंटरमीडिएट कॉलेज, नरायनपुर तथा उच्च शिक्षा आचार्य बलदेव पीजी कॉलेज, पतरही, जौनपुर से प्राप्त की। शिक्षा के दौरान उनकी मेहनत, अनुशासन और लगन ने उन्हें इस मुकाम तक पहुंचाया।
नेहा यादव की इस उपलब्धि से न केवल उनके परिवार बल्कि उनके शिक्षण संस्थानों, गुरुजनों और पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर है। उनके मामा अनिकराज यादव ने इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर अपने कार्यस्थल तथा ग्राम महादेवा में मित्रों और शुभचिंतकों के बीच मिठाई बांटकर खुशी का इजहार किया।
क्षेत्रवासियों ने नेहा यादव की इस सफलता को बेटियों के लिए प्रेरणादायक बताते हुए कहा कि मेहनत और लगन के बल पर कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। नेहा यादव ने अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से केराकत और जौनपुर जनपद का मान बढ़ाया है तथा क्षेत्र की बेटियों के लिए एक नई मिसाल पेश की है।
मुख्यमंत्री ने उत्कृष्ट प्रशिक्षण उपलब्धि पर आरक्षी नेहा यादव को किया सम्मानित, #Uppolice
