
जौनपुर। स्कूली बच्चों की सुरक्षा और सुरक्षित परिवहन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से परिवहन विभाग द्वारा 14 से 19 सितंबर 2026 तक विशेष अभियान ‘मिशन सेफ फ्यूचर 3.0’ चलाया जा रहा है।
अभियान के तहत सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) जौनपुर सत्येंद्र कुमार सिंह एवं यात्री/मालकर अधिकारी प्रमोद कुमार द्वारा स्कूली वाहनों की सघन जांच की जा रही है। जांच के दौरान आवश्यक प्रपत्र पूरे न पाए जाने पर अब तक 35 स्कूली वाहनों का चालान किया गया, जबकि 6 वाहनों को सीज किया गया है।
एआरटीओ प्रवर्तन सत्येंद्र कुमार सिंह ने जनपद के सभी विद्यालय प्रबंधकों एवं प्रधानाचार्यों से अपील की है कि विद्यालय में संचालित सभी वाहनों के फिटनेस प्रमाण पत्र, परमिट एवं अन्य आवश्यक दस्तावेज तत्काल नियमानुसार अद्यतन करा लें।
वहीं, अभिभावकों से भी अपील की गई है कि वे अपने बच्चों को स्कूल ले जाने वाले वाहनों के सुरक्षा मानकों और दस्तावेजों की जानकारी रखें।




