जौनपुर। बक्शा थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह एक बैंक मैनेजर की कार में गोली लगने से मौत का मामला सामने आया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और कार का शीशा तोड़कर उन्हें बाहर निकाला। गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाए जाने पर चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।

पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान दुर्गेश श्रीवास्तव (35) पुत्र अवधेश श्रीवास्तव के रूप में हुई है। वह लखनऊ के गुडंबा थाना क्षेत्र स्थित कुर्सी रोड, टेढ़ी पुलिया के किरन इनक्लेव के निवासी बताए गए हैं और वर्तमान में वन विहार, जौनपुर में रह रहे थे। वह क्षेत्रीय बैंक में मैनेजर के पद पर कार्यरत थे।
बताया गया कि दुर्गेश श्रीवास्तव अपनी टाटा सिएरा कार (UP32 SA 4239) से बदलापुर की ओर से जौनपुर जा रहे थे। इसी दौरान बक्शा थाना क्षेत्र में हाईवे के पास करीब सुबह 8:30 बजे वह कार में घायल अवस्था में मिले।

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर उन्हें अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस को कार से एक सुसाइड नोट भी बरामद होने की जानकारी मिली है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और घटना के कारणों का पता लगाने के लिए सुसाइड नोट समेत अन्य साक्ष्यों की जांच की जा रही है।

पुलिस जांच के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।





