
जौनपुर।कलेक्ट्रेट परिसर स्थित प्रेक्षागृह में जनपद के लोकप्रिय निवर्तमान जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र (IAS) के स्थानांतरण पर एक भव्य एवं गरिमामय विदाई समारोह का आयोजन किया गया। उनका स्थानांतरण विशेष सचिव, लोक निर्माण विभाग, उत्तर प्रदेश शासन में हुआ है।इस अवसर पर कलेक्ट्रेट एवं विकास भवन के अधिकारियों और कर्मचारियों, विभिन्न विभागों के प्रतिनिधियों, कलेक्ट्रेट बार संघ के पदाधिकारियों, अधिवक्ताओं और मीडिया कर्मियों ने उन्हें पुष्पगुच्छ, स्मृति-चिन्ह एवं उपहार भेंट कर सम्मानित किया। कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों ने उनके सरल, संवेदनशील और कर्मठ व्यक्तित्व की सराहना की।अपने संबोधन में डॉ. दिनेश चंद्र ने सभी सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि “जनसेवा में टीम भावना और पारदर्शिता सर्वोपरि होती है।” उन्होंने कहा कि जौनपुर में कार्य करते हुए उन्हें हमेशा सहयोग और स्नेह मिला, जिसके लिए वे सभी के प्रति कृतज्ञ हैं।उल्लेखनीय कार्यकाल रहा प्रभावशालीअपने कार्यकाल के दौरान जिलाधिकारी ने कई महत्वपूर्ण जनहितकारी कार्यों को प्राथमिकता दी। इनमें राजस्व वादों का त्वरित निस्तारण, नियमित जनसुनवाई के माध्यम से समस्याओं का समाधान, निर्वाचन कार्यों का समयबद्ध संपादन, पीली नदी के जीर्णोद्धार, मुख्यमंत्री उद्यमी विकास योजना में उत्कृष्ट प्रदर्शन, गौशालाओं में भूसा एवं चोकर दान, परीक्षाओं के दौरान छात्रों व अभिभावकों के लिए सुविधाएं उपलब्ध कराना तथा चकबंदी प्रक्रियाधीन गांवों में कार्य पूर्ण कराना प्रमुख रहे।व्यक्तित्व और योगदान को किया गया नमनसमारोह के दौरान वक्ताओं ने कहा कि डॉ. दिनेश चंद्र एक ऐसे प्रशासक रहे, जिन्होंने जनपद में जनसेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी। उनकी कार्यशैली में संवेदनशीलता, पारदर्शिता और दृढ़ता का अद्भुत समन्वय देखने को मिला। पीली नदी के जीर्णोद्धार और जनसुनवाई प्रणाली को मजबूत बनाने में उनका योगदान विशेष रूप से सराहनीय रहा।कई गणमान्य लोग रहे उपस्थितकार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खाड़िया, अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) परमानंद झा, अपर जिलाधिकारी (भू-राजस्व) अजय अंबष्ट, नगर मजिस्ट्रेट इंद्रनंदन सिंह, वरिष्ठ कोषाधिकारी उमाशंकर सहित अनेक अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का आयोजन उत्तर प्रदेश मिनिस्टीरियल कलेक्ट्रेट कर्मचारी संघ द्वारा किया गया, जिसमें जिलाध्यक्ष विजय प्रताप सिंह, संरक्षक शिवमोहन श्रीवास्तव एवं अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।इसके अतिरिक्त कलेक्ट्रेट बार संघ द्वारा आयोजित कार्यक्रम में भी अधिवक्ताओं ने उन्हें भावभीनी विदाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की।


