1273 वाहनों का चालान, 04 वाहन सीज; 17.05 लाख रुपये का जुर्माना आरोपित
जौनपुर। यातायात नियमों के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए जौनपुर यातायात पुलिस ने एक अनूठी पहल की। यातायात माह नवंबर-2026 के तहत मंगलवार को यातायात पुलिसकर्मी यमराज और यमदूत का वेश धारण कर सड़क पर उतरे। जेसीज चौराहे से बस स्टैंड तक नुक्कड़ नाटक के माध्यम से लोगों को यातायात नियमों का पालन करने का संदेश दिया गया।
पुलिस अधीक्षक जौनपुर के निर्देशन, क्षेत्राधिकारी यातायात के पर्यवेक्षण एवं प्रभारी यातायात के नेतृत्व में चलाए गए इस जागरूकता अभियान के दौरान यमराज और यमदूत के पात्रों ने लोगों को समझाया कि बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाना, बिना सीट बेल्ट कार चलाना, शराब पीकर वाहन चलाना, तेज रफ्तार और वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल करना जानलेवा साबित हो सकता है।
नुक्कड़ नाटक के माध्यम से प्रतीकात्मक संदेश दिया गया कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने पर जान भी गंवानी पड़ सकती है। इस दौरान ऑटो एवं ई-रिक्शा चालकों, राहगीरों और आम नागरिकों को हेलमेट, सीट बेल्ट, निर्धारित गति सीमा, नो-पार्किंग और नशे की हालत में वाहन न चलाने के प्रति जागरूक किया गया। पुलिसकर्मियों ने पंपलेट वितरित कर लोगों को यातायात नियमों की जानकारी भी दी।
अभियान के दौरान वाहनों में अवैध रूप से लगी काली फिल्म के दुष्परिणामों के बारे में बताते हुए नियम विरुद्ध लगी काली फिल्म उतरवाई गई।
1273 वाहनों का चालान, 04 सीज
जागरूकता अभियान के साथ-साथ यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ प्रवर्तन की कार्रवाई भी की गई। पूरे जनपद में कुल 1273 वाहनों का चालान किया गया। इनमें काली फिल्म के 06 और स्टंटबाजी का 01 मामला शामिल है। इसके अलावा 04 वाहनों को सीज किया गया तथा कुल 17 लाख 5 हजार रुपये का जुर्माना आरोपित किया गया।
यातायात पुलिस की इस अनूठी पहल की आमजनमानस ने सराहना की। पुलिस ने जनपदवासियों से अपील की कि यातायात नियमों का पालन करें, हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से इस्तेमाल करें तथा स्वयं सुरक्षित रहते हुए दूसरों की सुरक्षा का भी ध्यान रखें।






