मल्हनी के गौरव डॉ. लालजी सिंह को विधायक लकी यादव का सम्मान, विकास निधि से बनवाया स्मृति द्वार,#JaunpurNews

Share

सिकरारा–बरईपार मार्ग पर स्थापित होगा महान वैज्ञानिक के नाम का स्मृति द्वार, छह साल पुरानी घोषणा को लेकर विधायक ने भाजपा सरकार पर साधा निशाना

जौनपुर। मल्हनी विधानसभा क्षेत्र के गौरव और अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त महान वैज्ञानिक डॉ. लालजी सिंह को सम्मान देने के लिए समाजवादी पार्टी के विधायक लकी यादव ने पहल की है। विधायक की विकास निधि से सिकरारा–बरईपार मार्ग पर डॉ. लालजी सिंह के नाम से स्मृति द्वार का निर्माण कराया गया है। इस पहल को क्षेत्र की महान विभूति के प्रति सम्मान और आने वाली पीढ़ियों को उनके योगदान से परिचित कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

डॉ. लालजी सिंह देश के प्रतिष्ठित वैज्ञानिकों में शामिल रहे हैं। उन्हें डीएनए फिंगरप्रिंटिंग के जनक के रूप में जाना जाता है। अपनी वैज्ञानिक उपलब्धियों के जरिए उन्होंने जौनपुर सहित पूरे देश का नाम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया। विधायक लकी यादव का कहना है कि ऐसे महान व्यक्तित्व को सम्मान देना किसी एक राजनीतिक दल का नहीं, बल्कि पूरे समाज का दायित्व है।

इस मामले में राजनीतिक चर्चा भी तेज हो गई है। दरअसल, वर्ष 2020 के उपचुनाव के दौरान एक जनसभा में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वैज्ञानिक डॉ. लालजी सिंह के नाम पर मार्ग का नामकरण करने की घोषणा की थी। विधायक लकी यादव ने सवाल उठाया कि लगभग छह वर्ष बीत जाने के बावजूद मुख्यमंत्री की यह घोषणा धरातल पर साकार नहीं हो सकी।

विधायक ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा के लोग घोषणाएं और जुमले करने में आगे हैं, लेकिन विकास कार्यों को जमीन पर उतारने के मामले में विपक्ष के विधायकों के साथ भेदभाव किया जाता है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की घोषणा के बावजूद जब काम नहीं हुआ तो उन्होंने अपनी विकास निधि से स्मृति द्वार का निर्माण कराकर महान वैज्ञानिक को सम्मान देने का प्रयास किया है।

लकी यादव ने कहा कि डॉ. लालजी सिंह किसी एक विधानसभा, जनपद या राजनीतिक दल की धरोहर नहीं हैं, बल्कि वे पूरे देश का गौरव हैं। उनकी उपलब्धियों और योगदान को याद रखना तथा नई पीढ़ी को उनसे प्रेरणा दिलाना हम सभी की जिम्मेदारी है।

विधायक की इस पहल के बाद सिकरारा–बरईपार मार्ग पर बनने वाला स्मृति द्वार क्षेत्र की पहचान के साथ महान वैज्ञानिक डॉ. लालजी सिंह की स्मृतियों को भी जीवंत रखने का माध्यम बनेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *