
जौनपुर। जिले के केराकत तहसील क्षेत्र के खटहरा गांव में रविवार रात दुर्गा पूजा की खुशियां उस समय मातम में बदल गईं, जब पंडाल में आरती के दौरान करंट की चपेट में आने से एक किशोर की मौत हो गई। मृतक की पहचान नीरज सरोज के बेटे कल्लू सरोज के रूप में हुई है। वह अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

आरती के दौरान हुआ हादसा
जानकारी के मुताबिक, रविवार रात करीब नौ बजे गांव में स्थापित दुर्गा पूजा पंडाल में आरती चल रही थी। इसी दौरान टेंट की पाइप में करंट उतर आया, जिसकी चपेट में किशोर कल्लू सरोज आ गया। हादसे के बाद पंडाल में अफरा-तफरी मच गई। धार्मिक उत्सव का माहौल देखते ही देखते चीख-पुकार और मातम में बदल गया।
परिवार का इकलौता चिराग बुझा
कल्लू अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। परिवार में उसकी एक बहन भी है। बेटे की असामयिक मौत से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। जिस बेटे से परिवार को भविष्य की उम्मीदें थीं, उसके अचानक चले जाने से परिवार गहरे सदमे में है।
तीन थानों की पुलिस पहुंची
घटना की सूचना मिलने पर तीन थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। इंस्पेक्टर अमरेंद्र पांडे के अनुसार, परिजनों की सहमति से किशोर का अंतिम संस्कार कर दिया गया। कम उम्र होने के कारण परिजनों ने पोस्टमार्टम नहीं कराया।

पूजा पंडालों में बिजली सुरक्षा पर उठे सवाल
इस दर्दनाक हादसे ने दुर्गा पूजा पंडालों में बिजली सुरक्षा के इंतजामों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। टेंट की पाइप में करंट उतरने से किशोर की मौत ने आयोजन स्थलों पर विद्युत सुरक्षा के उपायों की आवश्यकता को फिर उजागर किया है। एक ओर जहां लोग दुर्गा पूजा के उत्सव में शामिल थे, वहीं इस हादसे ने पूरे गांव को गमगीन कर दिया।





