जौनपुर पुलिस की जिले में संचालित गैंगों पर पैनी नजर, “ऑपरेशन वज्रपात” के तहत बढ़ी निगरानी

Share

जौनपुर। जनपद में सोशल मीडिया एवं स्थानीय स्तर पर सक्रिय आपराधिक गैंगों के खिलाफ जौनपुर पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जौनपुर श्री कुंवर अनुपम सिंह के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन वज्रपात” के तहत जिले में सक्रिय गैंगों की गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।

पुलिस द्वारा चिन्हित गैंगों में महाकाल गैंग, अविरल गैंग, कर्रा गैंग, सूटर गैंग-505, कट्टा गैंग-606, टीम दादा मुफ्तीगंज 9696 गैंग, शक्तिमान गैंग, यदुवंशी गैंग, शिवा-94 गैंग, पंकज किंग-8558 गैंग, राउडी-001 गैंग, मेढ़ा गैंग, आशु यादव राइडर गैंग, जानसन गैंग एवं सावन गैंग प्रमुख रूप से शामिल हैं।

पुलिस सूत्रों के अनुसार ये गैंग सोशल मीडिया प्लेटफॉर्मों पर रील, फोटो एवं वीडियो अपलोड कर अपनी दबंगई और प्रभाव दिखाने का प्रयास करते हैं। कई मामलों में अवैध हथियारों का प्रदर्शन कर आमजन में भय और आतंक का माहौल बनाने की कोशिश भी सामने आई है।

अभियान के दौरान पुलिस द्वारा गैंग लीडरों एवं सदस्यों की पहचान कर उनकी गतिविधियों का सत्यापन किया जा रहा है। साथ ही सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाले आपत्तिजनक एवं अपराध को बढ़ावा देने वाले कंटेंट पर भी विशेष नजर रखी जा रही है।

जौनपुर पुलिस का कहना है कि कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वाले किसी भी व्यक्ति या गैंग के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। जनपद में शांति व्यवस्था बनाए रखने तथा युवाओं को अपराध की दुनिया से दूर रखने के लिए अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *