लखनऊ में करोड़ो रुपए के सोना लूटकांड में जौनपुर के इस सिपाही का नाम आने से मचा हड़कंप,

Share

लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में सोना कारोबारी से हुई लूट की सनसनीखेज वारदात का पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। जौनपुर से दिल्ली जा रहे सोना कारोबारी को पुलिसकर्मी बनकर निशाना बनाने वाले गिरोह के पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों में लखनऊ में तैनात एक पुलिसकर्मी भी शामिल है।

पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने सुशांत गोल्फ सिटी थाना क्षेत्र के खुर्दही बाजार में बस रुकवाकर सोना कारोबारी को जबरन नीचे उतार लिया था। इसके बाद उसे स्विफ्ट डिजायर कार में बैठाकर सोने के आभूषण, मोबाइल फोन और नकदी लूट ली गई।

844 ग्राम सोना और 1.82 लाख रुपये बरामद

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से 844 ग्राम सोने के आभूषण और सोने के टुकड़े बरामद किए हैं। इसके अलावा 1 लाख 82 हजार 500 रुपये नकद और वारदात में इस्तेमाल की गई स्विफ्ट डिजायर कार भी पुलिस ने बरामद की है।

तीन पुलिस इकाइयों की संयुक्त कार्रवाई

इस पूरे मामले के खुलासे में सुशांत गोल्फ सिटी पुलिस, सर्विलांस सेल और क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम ने कार्रवाई की। जांच में पुलिसकर्मी की संलिप्तता सामने आने से मामला और भी गंभीर हो गया है।

जौनपुर में तैनात पुलिसकर्मी की तलाश जारी

मिली जानकारी के अनुसार, जौनपुर में तैनात पुलिसकर्मी विनय शंकर समेत अन्य आरोपियों की तलाश अभी जारी है। पुलिस मामले में आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।

सुशांत गोल्फ सिटी थाने में मुकदमा दर्ज कर पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच में जुटी है।

ब्यूरो रिपोर्ट – UPTalkNews

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *