दिव्यांग छात्रा को कृपाशंकर सिंह ने दिया ई-ट्राइसाइकिल, #JaunpurNews

Share

पूर्व गृहराज्यमंत्री ने सेवा संकल्प अभियान के तहत सृष्टि सिंह को भेंट की इलेक्ट्रॉनिक ट्राइसाइकिल, चेहरे पर खिली खुशी

चाय की दुकान पर नजर पड़ी तो मदद का लिया संकल्प

जौनपुर। समाज के जरूरतमंद और वंचित लोगों की मदद के लिए आगे आने वाले पूर्व लोकसभा प्रत्याशी जौनपुर एवं महाराष्ट्र सरकार के पूर्व गृहराज्यमंत्री कृपाशंकर सिंह ने सेवा संकल्प अभियान के तहत तिलकधारी सिंह इंटर कॉलेज की हाईस्कूल टॉपर छात्रा सृष्टि सिंह को इलेक्ट्रॉनिक ट्राइसाइकिल भेंट की। दोनों पैरों से दिव्यांग सृष्टि हाथ से चलने वाली ट्राइसाइकिल के सहारे विद्यालय जाने में कठिनाई का सामना कर रही थी। इलेक्ट्रॉनिक ट्राइसाइकिल मिलने के बाद अब उसके लिए विद्यालय पहुंचना और आगे की पढ़ाई जारी रखना काफी आसान हो जाएगा।


यह सहायता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर आयोजित सेवा संकल्प अभियान के तहत नगर के खरका स्थित महात्मा गांधी की प्रतिमा के समक्ष प्रदान की गई। जैसे ही सृष्टि को इलेक्ट्रॉनिक ट्राइसाइकिल सौंपी गई, उसके चेहरे पर खुशी साफ दिखाई दी। श्री सिंह ने बताया कि कुछ समय पूर्व एक चाय की दुकान पर बैठ चाय पी रहे थे इसी दौरान छात्रा को हाथ से ट्राइसाइकिल चलाकर विद्यालय जाते देखा। छात्रा को ट्राइसाइकिल चलाने में काफी परेशानी हो रही थी। यह देखकर साथ बैठे दिनेश तिवारी से छात्रा के बारे में जानकारी ली। दिनेश तिवारी ने बताया कि छात्रा सृष्टि सिंह पुत्री सुनील सिंह, उमरपुर वाजिदपुर की रहने वाली है और दोनों पैरों से दिव्यांग है। इसके बावजूद वह पढ़ाई के प्रति बेहद गंभीर है और तिलकधारी सिंह इंटर कॉलेज में अध्ययनरत है। बताया गया कि सृष्टि की माता भी कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से पीड़ित हैं, जिससे परिवार के सामने आर्थिक और सामाजिक चुनौतियां और बढ़ गई हैं।


छात्रा की स्थिति और पढ़ाई के प्रति उसके समर्पण की जानकारी मिलने के बाद कृपाशंकर सिंह ने तत्काल उसकी मदद करने का निर्णय लिया और उसे इलेक्ट्रॉनिक ट्राइसाइकिल उपलब्ध कराने का वादा किया। इसी क्रम में सेवा संकल्प अभियान के तहत आज सृष्टि को ई-ट्राइसाइकिल प्रदान की और कहा कि जरूरतमंद और प्रतिभावान लोगों की मदद करने में उन्हें विशेष खुशी मिलती है सृष्टि को अब विद्यालय आने-जाने में पहले जैसी परेशानी नहीं होगी और वह अपनी पढ़ाई को आगे जारी रख सकेगी। छात्रा का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि वह किसी भी परिस्थिति को अपनी कमजोरी न बनने दे और मन लगाकर पढ़ाई करे। उन्होंने सृष्टि को आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि वह भविष्य में आईएएस की परीक्षा पास करने का लक्ष्य रखे और पूरी मेहनत व लगन के साथ अपने सपने को पूरा करे। आगे उन्होंने कहा कि शारीरिक कठिनाइयां किसी व्यक्ति की प्रतिभा और उसके सपनों के रास्ते में बाधा नहीं बननी चाहिए। यदि समाज के सक्षम लोग जरूरतमंदों की मदद के लिए आगे आएं तो अनेक प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिल सकता है।
सृष्टि सिंह ने शारीरिक चुनौतियों के बावजूद अपनी पढ़ाई के प्रति जिस तरह लगन दिखाई है, वह अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणादायक है। वह तिलकधारी सिंह इंटर कॉलेज की हाईस्कूल टॉपर छात्रा है। विद्यालय आने-जाने के दौरान हाथ से चलने वाली ट्राइसाइकिल चलाने में उसे काफी कठिनाई होती थी। इलेक्ट्रॉनिक ट्राइसाइकिल मिलने से उसकी इस समस्या का समाधान होने की उम्मीद है। इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष अजीत प्रजापति, पूर्व विधायक डॉ. हरेंद्र सिंह, भाजपा प्रवक्ता ओमप्रकाश सिंह, श्यामराज सिंह, संदीप सरोज, डॉ. विकास सिंह, महामंत्री पीयूष गुप्ता, अजीत सिंह, दिनेश तिवारी, अर्चना, विनोद सिंह, रत्नाकर सिंह, श्रवण सिंह, संदीप, रोहित सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *