कार सवार युवक पर फायरिंग, सीने में लगी गोली साथी घायल

Share

थार अर्टिगा सवार बदमाशों ने दिया घटना को अंजाम

मल्हनी मार्ग पर सफदरगंज के पास हुई घटना

जौनपुर। सरायख्वाजा थाना क्षेत्र में मल्हनी रोड पर सफदरगंज तिराहे के पास बुधवार को फायरिंग की घटना से सनसनी फैल गई। कार सवार 28 वर्षीय युवक विपिन यादव को बदमाशों ने गोली मार दी। गोली उनके सीने में लगी, जबकि एक अन्य गोली कान को छूकर निकल गई। इस दौरान कार में मौजूद उनके चाचा के बेटे अंश के पैर में भी गोली लग गई। विपिन की गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल से उन्हें वाराणसी ट्रामा सेंटर रेफर किया गया है।
बाबरखा निवासी मेहीलाल यादव के पुत्र विपिन यादव अपनी स्विफ्ट डिजायर कार से भटेवरा गांव से घर लौट रहे थे। करंजाकला क्षेत्र में सफदरगंज तिराहे के पास पहुंचने पर उनकी कार के सामने एक अर्टिगा और थार आकर रुक गई। दोनों वाहनों से कुछ लोग उतरे। विपिन भी अपनी कार से बाहर आ गए।
इसी दौरान दोनों पक्षों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी होने लगी। आरोप है कि इसके बाद थार सवार लोगों ने अचानक फायरिंग शुरू कर दी। एक गोली विपिन के सीने में जा लगी, जबकि दूसरी गोली उनके कान को छूते हुए निकल गई। फायरिंग में चली एक अन्य गोली कार में बैठे अंश के पैर में लगी।
फायरिंग की आवाज सुनकर आसपास के लोग घटनास्थल की तरफ दौड़े। लोगों को आता देख हमलावर दोनों वाहनों में सवार होकर वहां से फरार हो गए। घायलों को स्थानीय लोगों की मदद से जिला चिकित्सालय ले जाया गया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद विपिन की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें वाराणसी ट्रामा सेंटर के लिए रेफर कर दिया।
घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। फुटेज के जरिए हमलावरों और उनके वाहनों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।
थानाध्यक्ष राजेश सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज समेत अन्य बिंदुओं पर छानबीन जारी है। आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *