समय पर जांच और चिकित्सकीय सलाह से स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से बचाव पर दिया जोर
जौनपुर
गुलजारगंज स्थित इसराजी डिग्री कॉलेज में युवा छात्राओं को पॉलीसिस्टिक ओवरी सिंड्रोम (पीसीओएस) के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से जागरूकता सेमिनार का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की थीम ‘आज जागरूकता, कल बेहतर स्वास्थ्य’ रखी गई। सेमिनार में छात्राओं को पीसीओएस से संबंधित सामान्य लक्षणों, जीवनशैली, खान-पान, व्यायाम तथा समय पर जांच और चिकित्सकीय परामर्श के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।

कार्यक्रम में आशीर्वाद हॉस्पिटल, जौनपुर की स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ डॉ. अंजु कन्नौजिया, एमएस (स्त्री रोग) ने छात्राओं को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि युवा लड़कियों में पीसीओएस से जुड़ी समस्याओं को लेकर समय रहते जागरूक होना आवश्यक है। स्वास्थ्य संबंधी किसी भी असामान्य लक्षण को नजरअंदाज करने के बजाय उचित चिकित्सकीय सलाह लेना चाहिए।
डॉ. अंजु कन्नौजिया ने छात्राओं को अपने स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य से जुड़ी समस्याओं को लेकर किसी तरह की झिझक नहीं होनी चाहिए। छात्राओं को अपनी परेशानी खुलकर चिकित्सक के सामने रखनी चाहिए, ताकि आवश्यकता के अनुसार जांच और उचित सलाह मिल सके। उन्होंने पीसीओएस के सामान्य लक्षणों के बारे में सरल भाषा में जानकारी देते हुए बताया कि जीवनशैली और खान-पान का स्वास्थ्य पर महत्वपूर्ण प्रभाव पड़ता है।

सेमिनार में संतुलित खान-पान, नियमित शारीरिक गतिविधि और व्यायाम को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने पर जोर दिया गया। साथ ही छात्राओं को बताया गया कि स्वास्थ्य संबंधी किसी समस्या के लक्षण दिखाई देने पर स्वयं उपचार करने के बजाय योग्य चिकित्सक से परामर्श लेना अधिक उचित है।

कार्यक्रम के दौरान छात्राओं ने पीसीओएस और महिला स्वास्थ्य से जुड़े विभिन्न सवाल पूछे। डॉ. अंजु कन्नौजिया ने छात्राओं की जिज्ञासाओं का विस्तार से समाधान करते हुए उनकी शंकाओं को दूर किया। उन्होंने छात्राओं से स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने और आवश्यकता पड़ने पर समय से चिकित्सकीय सहायता लेने का आह्वान किया।
सेमिनार का उद्देश्य छात्राओं में पीसीओएस को लेकर व्याप्त भ्रम और झिझक को दूर करते हुए उन्हें अपने स्वास्थ्य के प्रति जिम्मेदार और सजग बनाना रहा। कार्यक्रम में छात्राओं ने रुचि के साथ सहभागिता की और स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त कीं।





