जमानत के नाम पर 41 लाख रुपये की लूट का खुलासा, अधिवक्ता गिरफ्तार, #Jaunpurnews

Share

SSP जौनपुर कुँवर अनुपम सिंह और ASP गोल्डी गुप्ता को प्रशस्ति पत्र।

35 लाख रुपये नकद बरामद, जबकि शेष 6 लाख रुपये व्यक्तिगत खर्च में इस्तेमाल करने की बात पुलिस के अनुसार सामने आई।

राजस्थान निवासी वादी से जमानत के नाम पर 41 लाख रुपये दिलवाने के बाद रास्ते में मोबाइल और नकदी लूटने का मामला।

जौनपुर। थाना बक्शा क्षेत्र में एक अधिवक्ता और उसके साथी द्वारा वादी से कथित रूप से 41 लाख रुपये की लूट किए जाने के मामले का पुलिस ने कुछ ही घंटों में खुलासा कर दिया। पुलिस ने मुख्य अभियुक्त अधिवक्ता अभिनव सिंह उर्फ चंदन को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 35 लाख रुपये नगद, घटना में प्रयुक्त वैगनआर कार और अन्य लूटा गया सामान बरामद किया है। मामले में फरार सह-अभियुक्त उपदेश पाठक की तलाश जारी है।

पुलिस के अनुसार, राजस्थान के बीकानेर निवासी जयपाल शर्मा अपने भाई की जमानत के सिलसिले में वाराणसी आए थे। इसी दौरान उनकी मुलाकात अधिवक्ता अभिनव सिंह से हुई। आरोप है कि अधिवक्ता ने जमानत कराने के नाम पर वादी का विश्वास हासिल किया।

5 सितंबर 2026 को जमानत की औपचारिकताएं पूरी होने के बाद अभियुक्त वादी को जौनपुर ले गया। पुलिस के मुताबिक, यहां दो जौहरी व्यवसायियों से क्रमशः 22 लाख और 19 लाख रुपये, कुल 41 लाख रुपये, नकद दिलवाए गए।

इसके बाद वापसी के दौरान आरोप है कि कार को यू-टर्न लेकर वादी का मोबाइल छीन लिया गया और उसे जान से मारने की धमकी दी गई। अभियुक्त वादी को करीब 20-30 किलोमीटर तक इधर-उधर घुमाते रहे। बाद में टोल प्लाजा के पास रुपयों से भरा बैग छीनकर वादी को गाड़ी से धक्का देकर उतार दिया गया।

वादी ने 16 सितंबर 2026 को डीआईजी वाराणसी परिक्षेत्र के समक्ष लिखित प्रार्थना पत्र देकर घटना की शिकायत की। शिकायत में बातचीत की रिकॉर्डिंग का भी उल्लेख किया गया था। डीआईजी वैभव कृष्ण के निर्देश पर पुलिस ने कार्रवाई शुरू की।

20 सितंबर 2026 को थाना बक्शा में मुकदमा अपराध संख्या 477/26, धारा 309(6) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।

एसएसपी जौनपुर कुँवर अनुपम सिंह के पर्यवेक्षण में गठित पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए मुख्य अभियुक्त अभिनव सिंह उर्फ चंदन, निवासी जमऊपट्टी, को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से 35 लाख रुपये नगद, घटना में प्रयुक्त वैगनआर कार संख्या UP70HL5218 तथा अन्य लूटा गया सामान बरामद किया।

पूछताछ में अभियुक्त द्वारा शेष 6 लाख रुपये व्यक्तिगत खर्च में इस्तेमाल करने की बात बताई गई है। पुलिस फरार सह-अभियुक्त उपदेश पाठक, निवासी सुल्तानपुर, की तलाश कर रही है।

पुलिस की कार्रवाई के बाद अनावरण टीम के लिए 50 हजार रुपये नगद पुरस्कार घोषित किया गया है। वहीं एसएसपी जौनपुर कुँवर अनुपम सिंह और एएसपी जौनपुर गोल्डी गुप्ता को प्रशस्ति पत्र देने की घोषणा की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *