जौनपुर की गीता बिंद पर फिर भरोसा, तीसरी बार राज्य महिला आयोग की सदस्य बनीं,#Jaunpurnews

Share

जौनपुर। शाहगंज ब्लॉक के लपरी गांव निवासी गीता बिंद को उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग में तीसरी बार सदस्य की जिम्मेदारी मिली है। प्रदेश सरकार ने राज्य महिला आयोग के 25 सदस्यों का कार्यकाल एक वर्ष के लिए बढ़ा दिया है। इसमें गीता बिंद का नाम भी शामिल है। कार्यकाल विस्तार की खबर मिलते ही जौनपुर में उनके समर्थकों और शुभचिंतकों में खुशी की लहर दौड़ गई।

जिम्मेदारी मिलने के बाद गीता बिंद ने कहा कि महिला आयोग की ओर से मिली जिम्मेदारी को वह पूरी ईमानदारी, गंभीरता और निष्ठा के साथ निभाएंगी। महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और आत्मनिर्भरता को प्राथमिकता देते हुए उनके हित से जुड़े मामलों के समाधान के लिए प्रभावी प्रयास किए जाएंगे।

उन्होंने कहा कि महिला उत्पीड़न, घरेलू हिंसा और महिलाओं के अधिकारों से जुड़े मामलों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर त्वरित कार्रवाई कराने का प्रयास रहेगा। पात्र महिलाओं को शासन की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के साथ ही उन्हें अपने अधिकारों के प्रति जागरूक करने पर भी विशेष जोर दिया जाएगा।

विभिन्न जिलों में सुनीं महिलाओं की समस्याएं

गौरतलब है कि वर्ष 2024 में राज्य महिला आयोग की सदस्य बनने के बाद गीता बिंद ने जौनपुर समेत प्रदेश के विभिन्न जिलों में महिलाओं से जुड़े मामलों की सुनवाई की। उन्होंने पीड़ित महिलाओं की समस्याएं सुनने के साथ संबंधित अधिकारियों से कार्रवाई की जानकारी ली। इसके अलावा महिला जागरूकता कार्यक्रमों और विभिन्न संस्थानों के निरीक्षण में भी उनकी भागीदारी रही।

शीर्ष नेतृत्व का जताया आभार

तीसरी बार जिम्मेदारी मिलने पर गीता बिंद ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, प्रदेश अध्यक्ष समेत पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि वह मिली जिम्मेदारी का पूरी निष्ठा से निर्वहन करते हुए महिलाओं के हित और अधिकारों से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता देंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *