स्कूल वाहन में 12 छात्र सवार, क्षमता से अधिक बच्चों को बैठाने पर डीएम ने जताई नाराजगी, #JaunpurNews

Share

जौनपुर। जिले के मुंगरा बादशाहपुर थाना क्षेत्र के धरमपुर में गुरुवार सुबह धर्म इंटरनेशनल स्कूल की मैजिक और निजी बस में आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में स्कूल वाहन में सवार छह बच्चे घायल हो गए। इनमें तीन की हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया। सभी घायलों का उपचार सीएमओ की देखरेख में कराया जा रहा है।

जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. के अनुसार, धर्म इंटरनेशनल स्कूल की मैजिक में 12 छात्र सवार थे। बताया गया कि मैजिक तेज रफ्तार में थी और चालक ने अचानक वाहन को मोड़ दिया। इसी दौरान पीछे से आ रही निजी बस ने मैजिक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद दोनों वाहन क्षतिग्रस्त हो गए।

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायल बच्चों को मुंगरा बादशाहपुर सीएचसी पहुंचाया। छह बच्चों को उपचार के लिए सीएचसी लाया गया, जहां तीन छात्रों की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल भेज दिया गया।

घटना के बाद जिलाधिकारी ने स्कूली वाहनों में क्षमता से अधिक बच्चों को बैठाए जाने पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि बच्चों की सुरक्षा के साथ किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। नियमों का उल्लंघन करने वाले स्कूलों और स्कूली वाहनों के खिलाफ जल्द कार्रवाई की जाएगी।

मुख्यमंत्री ने लिया संज्ञान

मुंगरा बादशाहपुर में हुए सड़क हादसे का मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संज्ञान लिया है। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को घायल बच्चों का समुचित उपचार कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने घायल बच्चों के परिजनों से संवाद कर हर संभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए। मुख्यमंत्री ने सभी घायल बच्चों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *